शुभमन गिल की अगुवाई में भारतीय टीम एजबेस्टन टेस्ट के जरिए सीरीज में वापसी की कोशिश करेगी. लेकिन ये उतना आसान नहीं रहने वाला है. वैसे भी टीम इंडिया के लिए एजबेस्टन का मैदान किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है. इस मैदान पर भारतीय टीम टेस्ट क्रिकेट में अब तक एक भी जीत हासिल नहीं कर पाई है. भारतीय क्रिकेट टीम फिलहाल इंग्लैंड दौर पर हैं, जहां वो मेजबान टीम के खिलाफ पांच मैचों की ब्लॉकबस्टर टेस्ट सीरीज में व्यस्त है. इस टेस्ट सीरीज का शुरुआती मुकाबला लीड्स में खेला गया था, जिसमें भारतीय टीम को 5 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी. अब दोनों टीमों 2 जुलाई (बुधवार) से बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर आमने-सामने होंगी. र्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर भारतीय टीम ने अब तक 8 टेस्ट मैच खेले हैं, जो मेजबान इंग्लैंड के ही खिलाफ रहे. इस मैदान पर भारतीय टीम ने अपना पहला टेस्ट जुलाई 1967 में

खेला था, जिसमें उसे 132 रनों से हार मिली थी. तब से अब तक भारत इस मैदान पर टेस्ट मैच नहीं जीता है. यानी 58 सालों से ये इंतजार जारी है.भारतीय टीम एजबेस्टन में 7 टेस्ट मैच हारी है, वहीं एक मुकाबला ड्रॉ पर छूटा था, जो जुलाई 1986 में कपिल देव की कप्तानी में भारत ने खेला था. जब इस मैदान पर आखिरी बार (जुलाई 2022) दोनों टीमें भिड़ी थीं, तो जसप्रीत बुमराह ने भारतीय टीम की अगुवाई की थी. उस मुकाबले में भारतीय टीम को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था.

