पाकुड़ ज़िले में मध्याह्न भोजन के मद में जारी होने वाली अनाज की कालाबाजारी थमने का नाम नहीं ले रही है। बीती देर रात्रि को सदर प्रखंड के ईशाकपुर में आपूर्ति विभाग के डी एस डी अबुल कासिम के घर से जिला आपूर्ति पदाधिकारी की टीम ने मीड डे मील के 72 क्विंटल अनाज को अपने कब्जे में लेकर मुफ्फसिल थाने को सुपूर्द किया। इस मामले में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने दूरभाष पर उक्त अनाज को ज़ब्त करने की बात कही। इधर डी एस डी अबुल कासिम ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी के कार्यालय के समक्ष बताया कि उक्त अनाज का चालान उनके पास मौजूद हैं बाबजूद इसके अनाज को ज़ब्त कर लिया गया है। कार्यालय आने के सबब के बारे में पूछने पर अबुल कासिम ने बताया कि उनको चालान के साथ जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कार्यालय में बुलाया है जबकि ज़िला आपूर्ति पदाधिकारी ने इस बात से साफ इंकार किया। मामले के बाबत

अनाज गोदाम के लोगों का कहना है कि अबुल कासिम के द्वारा अक्सर रात्रि में अनाज का उठाव किया जाता है और बंगाल भेज दिया जाता है । इस बाबत अबुल कासिम ने इस आरोप को सिरे से नकारते हुए कहा कि पकड़ाए गए अनाज तीन स्कूल के थे, एक स्कूल ने माल रिसीव कर लिया, दो स्कूल ने माल रिसीव नहीं किया जिसे सुरक्षा की दृष्टिकोण से उन्होंने अपने आवास में रखा था । अब सवाल उठता है कि रात्रि में ही विद्यालय को अनाज देने की कौन सी विभागीय बाध्यता है दूसरी बात कि जिस आदमी के आवास से अनाज जब्त होता है कि उस आदमी को जिला आपूर्ति पदाधिकारी क्योंकर अपने कार्यकाल बुलाएंगे ? ये सवाल आम आदमी के जेहन में कौंध रहा है। हालांकि जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने प्राथमिकी दर्ज करवाने की बात की लेकिन समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं कराया गया था।

