
दिल्ली के रिठाला इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब एक CCTV फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। घटना रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास की है, जहां आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती तौर पर लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन जब काबू नहीं पाया जा सका, तो फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल की 10 गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग पर काबू पाने के लिए बुलडोजर से फैक्ट्री की पीछे की दीवार तोड़ी गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि 2-3 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। तीसरी और दूसरी मंजिल की हालत की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। करोड़ों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

