जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित श्री माता वैष्णो देवी मंदिर के नए बैटरी कार मार्ग पर सोमवार को भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ। अर्धकुंवारी और सत्या व्यू प्वाइंट के बीच 30 फीट क्षेत्र में मलबा फैल गया, जिससे बैटरी कार सेवा अस्थाई रूप से बंद कर दी गई। सौभाग्य से, घटना के वक्त मार्ग पर श्रद्धालु नहीं थे और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलते ही श्राइन बोर्ड ने त्वरित एक्शन लेते हुए जेसीबी मशीन और श्रमिकों की टीम मौके पर भेजी।

मलबा हटाकर बैटरी कार सेवा बहाल कर दी गई है। तीर्थयात्रियों को पुराने मार्ग से दर्शन की अनुमति दी गई थी और यात्रा अब पूरी तरह सुचारु है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से संयम बनाए रखने की अपील की है और किसी भी परेशानी की स्थिति में कंट्रोल रूम से संपर्क करने को कहा है।

