लोयाबाद: बांसजोड़ा अग्नि प्रभावित क्षेत्र का कोयला मंत्रालय के सचिव और सलाहकार ने किया निरीक्षण* रिपोर्टर: अमित कुमार | स्थान: लोयाबाद, बांसजोड़ा कोलियरी सिजुआ क्षेत्र के बांसजोड़ा 12 नंबर अग्नि प्रभावित क्षेत्र का शुक्रवार सुबह कोयला मंत्रालय के पर्सनल सेक्रेटरी पंकज जैन और मंत्रालय के एडवाइज़र वीर रेड्डी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ बीसीसीएल के डायरेक्टर टेक्निकल (ऑपरेशन) संजय कुमार सिंह भी मौजूद थे। सुबह 10 बजे के करीब दोनों अधिकारी बांसजोड़ा पहुंचे, जहाँ उन्हें धधकती आग, गैस और धुएं की स्थिति का जायजा कराया गया। पंकज जैन ने सबसे पहले प्रभावित क्षेत्र का अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्डिंग की, और फिर उन्होंने पास की आबादी और एक स्कूल के संचालन को लेकर जानकारी ली। उन्होंने सवाल उठाया कि जब क्षेत्र इतना खतरनाक है, तो स्कूल का संचालन यहां कैसे हो रहा है। इस पर डीटी संजय कुमार सिंह ने बताया कि कंपनी के मजदूरों को दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया है और शेष आबादी को झरिया मास्टर प्लान के तहत पुनर्वासित करने की प्रक्रिया चल रही है। पंकज जैन ने भूधंसान, आग और गैस की स्थिति पर गहरी चिंता जताई।

उन्होंने कहा कि यह समस्या पक्की सड़कों को भी नुकसान पहुँचा सकती है। इस पर सर्वे अधिकारी एसके मित्रा ने जानकारी दी कि यह आग पूर्वी क्षेत्र से फैलते हुए यहां तक पहुँची है। बताया गया कि पूर्वी क्षेत्र में 1954 से आग लगी हुई है और 2021 में यह आग पक्की सड़क को पार कर 12 नंबर माइंस की पुरानी गैलरियों तक पहुंच गई है। करीब 15 मिनट तक सचिव पंकज जैन ने क्षेत्र का निरीक्षण किया, इसके बाद वे बेलगड़िया की ओर रवाना हो गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की। मौके पर सिजुआ क्षेत्र के जीएम निर्झर चक्रवर्ती ने पंकज जैन को गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर एजीएम के.के. सिंह, एरिया सेफ्टी ऑफिसर आलमगीर आलम, बांसजोड़ा पीओ अनिल वर्मा, कनकनी पीओ गोपाल जी, बासदेवपुर पीओ मंतोष कुंडू, प्रबंधक कमलेश कुमार, एरिया इंजीनियर लोकेश जैन, दीपक बरेट, एस.के. मित्रा, मुकेश कुमार, तारिक हुसैन आबिद, विजय यादव, मनोज पांडेय, रामराज राजभर, संजय पांडेय और चांद खान समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।

