
लोयाबाद: बाँसजोड़ा रेलवे साइडिंग में मालगाड़ी की गार्ड बोगी पटरी से उतरी, बड़ी दुर्घटना टली रिपोर्टर: अमित कुमार | स्थान: लोयाबाद लोयाबाद के बाँसजोड़ा रेलवे साइडिंग में शुक्रवार दोपहर एक बड़ी दुर्घटना उस वक्त टल गई जब मालगाड़ी की गार्ड बोगी पटरी से उतर गई। सौभाग्यवश इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, दोपहर लगभग 2 बजे यह घटना उस समय हुई जब एक खाली वेगन को साइडिंग में खड़ा किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि भारी बारिश के कारण रेल पटरी पर डस्ट और कोयले का चूर्ण जमा हो गया था, जिससे पहियों की पकड़ कमजोर हो गई और बोगी पटरी से उतर गई। यह घटना डीके पॉल संख्या 7/40 के पास घटी। घटना की जानकारी मिलते ही गोमो से दुर्घटना राहत सड़क वाहन मौके पर पहुँचा। राहत कार्य में तत्परता दिखाते हुए रेलवे कर्मियों ने शाम 4:32 बजे से कार्य प्रारंभ किया और मात्र 31 मिनट के भीतर, यानी 5:03 बजे तक, बोगी को पुनः पटरी पर चढ़ा दिया। इस दौरान धनबाद से असिस्टेंट डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर विनय कुमार और सीनियर सेक्शन इंजीनियर राकेश कुमार लकड़ा भी मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्य का निरीक्षण किया। रेलवे प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।

