
धनबाद में मूसलधार बारिश के बाद बरमसिया ओवरब्रिज के नीचे बने पिलर के पास की बाउंड्री वॉल ढह गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है। सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुँची और जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तेज बारिश के चलते मिट्टी धंस गई और पानी का दबाव बढ़ने से दीवार की नींव कमजोर हो गई, जिससे यह हिस्सा ढह गया। राहत की बात है कि अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है। रेलवे प्रशासन ने सावधानी बरतते हुए उस क्षेत्र में आवाजाही पर निगरानी बढ़ा दी है और इंजीनियरिंग विंग को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय लोग चिंतित हैं कि अगर समय पर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो ओवरब्रिज की स्थिरता पर भी गंभीर असर पड़ सकता है।

