भोपाल के ऐशबाग स्टेडियम के पास बना रेलवे ओवरब्रिज, उद्घाटन से पहले ही चर्चा का विषय बन गया। वजह है इसका अजीबोगरीब 90 डिग्री का मोड़, जिस पर लोगों ने सवाल उठाए और सोशल मीडिया पर फोटो वायरल कर दी। 18 करोड़ की लागत से बना ये रेलवे ओवरब्रिज 648 मीटर लंबा और 8.5 मीटर चौड़ा है। लेकिन इसके डिजाइन में एक लगभग 90 डिग्री का तीखा मोड़ बना दिया गया, जो लोगों के लिए खतरे की घंटी साबित हो सकता था। लोगों का कहना था कि ये मोड़ दुर्घटना की वजह बन सकता है, खासकर रात के समय या बारिश में।

PWD ने पहले इसे “जमीन की कमी और पास के मेट्रो स्टेशन” का नतीजा बताया था। मगर अब हालात बदले हैं – रेलवे ने अतिरिक्त जमीन देने की मंजूरी दे दी है। अब रेलिंग को हटाकर इस मोड़ को और घुमावदार बनाया जाएगा, जिससे ब्रिज की चौड़ाई 3 फीट तक बढ़ेगी। ओवरब्रिज की मांग 2023 में ऐशबाग क्रॉसिंग बंद होने के बाद उठी थी। इसका निर्माण 21 मार्च 2023 को शुरू हुआ था और इससे महामाई बाग, पुष्पा नगर और स्टेशन क्षेत्र के लोगों को फायदा होना है। सरकार का दावा है कि इस ओवरब्रिज से करीब 3 लाख लोगों को रोज फायदा मिलेगा। अब देखना ये होगा कि नया डिजाइन सुरक्षा और सुविधा – दोनों के मानकों पर कितना खरा उतरता है।

