टीवी की चहेती एक्ट्रेस हिना खान इन दिनों अपनी ज़िंदगी के सबसे खास और भावुक दौर से गुजर रही हैं। हाल ही में उन्होंने अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड रॉकी जायसवाल से गुपचुप शादी कर ली है और अब ज़िंदगी को नए सिरे से जी रही हैं। लेकिन शादी की इन खुशियों के बीच हिना की एक पोस्ट ने सबका दिल छू लिया है। इन तस्वीरों में हिना पिंक नाइट सूट में दो छोटी चोटियों के साथ नजर आ रही हैं। ये चोटियां उनके लिए सिर्फ बाल नहीं, बल्कि उम्मीद, संघर्ष और जीत की पहचान हैं। दरअसल, डेढ़ साल पहले हिना को ब्रेस्ट कैंसर हुआ था।

इलाज के दौरान उन्होंने खुद अपने बाल शेव कर दिए थे। कीमोथेरेपी के कठिन फेज़ में उन्होंने न सिर्फ शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी बहुत कुछ झेला। अब, हिना ने सोशल मीडिया पर लिखा – “डेढ़ साल बाद अपने बालों की चोटी बांधी… बता नहीं सकती… हाउउउउ!! ये छोटी-छोटी खुशियां…” फैंस ने भी हिना की इस खुशी में दिल से साथ दिया। किसी ने लिखा – “ये सिर्फ बाल नहीं, हिम्मत की जीत है।” इतना ही नहीं, अब हिना एक्टिंग की दुनिया में भी कमबैक कर रही हैं। वे जल्द ही वेब सीरीज़ ‘पति, पत्नी और पंगा’ में नज़र आएंगी। प्यार, हौसला और उम्मीद की मिसाल बनी हिना खान की कहानी हर उस शख्स के लिए प्रेरणा है जो ज़िंदगी की किसी जंग से लड़ रहा है।

