
पाकुड़ नगर पालिका द्वारा छोटी अलीगंज मे नाली निर्माण के लिये दो माह पूर्व खोद कर छोड़ा गया गड्डा परेशानी का सबब बना है। गहरे गड्ढे में गिर कर लोग चोटिल हो रहे हैं। अभी कुछ दिन पूर्व गड्ढे में एक वाहन पलट गया था। नगर पालिका द्वारा छोटी अलीगंज मे नाली निर्माण के लिए गड्ढे की खोदाई दो माह पहले कराई गई। जो नाली बनी थी उसे तोड़ दिया गया। बरसात होने पर गड्ढे में पानी भर जा रहा है।खोद कर छोड़े गए गड्ढे में गिर कर लोग चोटिल हो रहे हैं। इस मामले में स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली निकासी मार्ग के बिना ही उक्त नाली निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया जिसे ग्रामीणों के विरोध के कारण बंद कर दिया गया एवं सात दिन के भीतर नाली को भरने का आश्वासन भी दिया गया था लेकिन आज तक नाली को भरा नहीं गया है। इस खुले नाली में रात के वक्त अनेक लोग व वाहन चालक गिरकर चोटिल हो चुकें हैं।

