अमेरिका पहुंचे पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर को वाशिंगटन में भारी बेइज्जती झेलनी पड़ी। अमेरिकी सेना की 250वीं वर्षगांठ पर आयोजित परेड में शामिल होने आए मुनीर के खिलाफ दर्जनों पाकिस्तानी-अमेरिकी नागरिकों ने विरोध प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और मुनीर को पाकिस्तान में लोकतंत्र का हत्यारा बताया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हमें सेना नहीं, लोकतंत्र चाहिए। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी ने भी इस विरोध का वीडियो शेयर किया है, जिसमें मुनीर के खिलाफ गुस्सा साफ दिखा। प्रदर्शन का मकसद अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान पाकिस्तान में सेना की दखलअंदाजी और मानवाधिकार उल्लंघनों की ओर खींचना था। एक प्रदर्शनकारी ने कहा – “हम अमेरिका से पूरी दुनिया को यह संदेश देना चाहते हैं कि पाकिस्तानी सेना के जुल्म अब बर्दाश्त नहीं होंगे।”

