
साइप्रस की धरती से एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया को भारत की बढ़ती ताकत का अहसास कराया है। लिमासोल शहर में आयोजित व्यापारिक गोलमेज सम्मेलन में पीएम मोदी ने कहा कि भारत जल्द ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। इस मौके पर साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडूलाइड्स ने प्रधानमंत्री मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III’ से नवाजा। प्रधानमंत्री मोदी को अब तक 23 देशों से सर्वोच्च सम्मान मिल चुके हैं। उन्होंने सम्मेलन में भारत की डिजिटल क्रांति, नीति-निर्माण में स्थिरता और कारोबारी माहौल में सुधार की बात की। इस दौरान भारत और साइप्रस के बीच UPI आधारित सीमा-पार भुगतान समझौता भी हुआ। पीएम मोदी ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की बात कही।

