
इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में नया मोड़ आया है। शिलॉन्ग कोर्ट ने पत्नी सोनम रघुवंशी समेत पांच आरोपियों को 8 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा है। राजा की हत्या शिलॉन्ग के हनीमून ट्रिप के दौरान धारदार हथियार से की गई थी। पोस्टमार्टम और जांच के बाद सामने आया कि इस साजिश में उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह शामिल थे। मामले पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा, “बच्चों को पढ़ाना जरूरी है, लेकिन संस्कार भी दें, वरना वे सोनम बन जाते हैं। इंदौर की बेटी ने पूरे शहर को कलंकित कर दिया।” उन्होंने पूतना का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस महिला में ममता न हो, वह सिर्फ शरीर बनकर रह जाती है। मंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज को सतर्क करने की अपील की। इस हत्याकांड ने पूरे मध्य प्रदेश को हिला दिया है।

