
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के सिनेमा रोड स्थित किरमानी मार्केट में शनिवार देर रात एक साड़ियों के शोरूम में भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा शोरूम जलकर राख हो गया। शोरूम के मालिक इलियास अंसारी ने लगभग 60 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान ने कारोबारियों में दहशत फैला दी है।

