मथुरा के वृंदावन स्थित प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर को लेकर उठे विरोध के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी रविवार को वृंदावन पहुंचे। उन्होंने मंदिर के सेवायतों से मुलाकात कर उनकी आपत्तियों को गंभीरता से सुना। इस अहम बैठक में डीआईजी, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सेवायतों ने मंदिर कॉरिडोर और प्रस्तावित ट्रस्ट के गठन को लेकर स्पष्ट आपत्ति जताई है।

उनका कहना है कि यह परंपरागत व्यवस्थाओं में हस्तक्षेप है, और इससे धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। अवनीश अवस्थी ने सेवायतों को भरोसा दिलाया कि सरकार श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए काम कर रही है, लेकिन किसी की आस्था को ठेस नहीं पहुंचाई जाएगी। बैठक को सुलह और समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जल्द ही इस मुद्दे पर सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय आने की संभावना है।

