
भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड दौरे के लिए रवाना हो चुकी है। इस बार पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में कप्तानी की जिम्मेदारी युवा बल्लेबाज़ शुभमन गिल को दी गई है, जबकि ऋषभ पंत को उपकप्तान बनाया गया है। विराट कोहली और रोहित शर्मा के संन्यास के बाद ये भारतीय टेस्ट क्रिकेट में एक नया युग माना जा रहा है। मुंबई एयरपोर्ट से खिलाड़ियों के रवाना होने का वीडियो सामने आया है, जिसमें रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे स्टार प्लेयर्स नज़र आ रहे हैं। साई सुदर्शन को पहली बार टेस्ट टीम में जगह दी गई है, जबकि करुण नायर की टीम में वापसी हुई है। सीरीज की शुरुआत 20 जून से लीड्स में होगी। इंग्लैंड के खिलाफ भारत अब तक 136 टेस्ट खेल चुका है, जिसमें 35 भारत ने जीते हैं और 51 इंग्लैंड ने। ये दौरा भारत के युवा खिलाड़ियों के लिए अग्निपरीक्षा जैसा होगा।

