नगर थाना क्षेत्र के बड़ी अलीगंज इलाके में पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 किलो गांजा के साथ एक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मो० नसीम आलम, पिता स्व.अब्दुल हुसैन बड़ी अलीगंज निवासी के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना के मुताबिक बड़ी अलीगंज स्थित एक मकान में मादक पदार्थों की अवैध खरीद बिक्री की जा रही है। इस पर पुलिस अधिक्षक के निर्देश अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुख्यालय, उत्पाद विभाग और स्थानीय थाना की संयुक्त टीम का गठन किया गया जिसमें थाना प्रभारी प्रयाग राज दास, उत्पाद विभाग के समीर एलेक्ज़ मुर्मू, सअनि राहुल गुप्ता, सअनि सनातन मांझी, सअनि सुशील मांझी, हवलदार रिंकू यादव और आ० 83 मनीषा सोरेन शामिल थे। इस टीम ने सोमवार, 26 मई की रात करीब 8 बजे उक्त

मकान पर छापा मारा।छापेमारी के दौरान आरोपी के घर की तलाशी ली गई, जहाँ से प्लास्टिक के एक पोटले में रखा गया 3 किलो (373 ग्राम वजन सहित) गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे पाकुड़ नगर थाना लाया गया और उसके विरुद्ध थाना कांड संख्या 155/25, दिनांक 26.05.25, धारा 20 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस सफलता को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक अहम कड़ी बताया है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अपराधों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

