ब्रिटेन के लिवरपूल में प्रीमियर लीग चैंपियनशिप जीत के बाद फुटबॉल प्रशंसकों का जश्न दर्दनाक घटना में बदल गया। हजारों लोग सड़क पर जीत का जश्न मना रहे थे, तभी एक कार भीड़ में घुस गई। कार चालक ने अंधाधुंध तरीके से भीड़ पर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी चालक को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है और घटना की जांच जारी है।

सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक ग्रे मिनीवैन पैदल यात्रियों को टक्कर मारते हुए भीड़ में घुसती नजर आ रही है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीयर स्टॉर्मर ने घटना पर संवेदना जताई और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि लिवरपूल के जश्न के दौरान यह दृश्य डरावने थे और घायलों के प्रति उनकी सहानुभूति है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

