बाघमारा/ बीसीसीएल एरिया-1 के एएमपी कोलियरी (पेच-7) में शुक्रवार को उस वक्त हंगामा मच गया जब अवैध कोयला लोड कर रहे ट्रक को रोकने गए बीसीसीएल अधिकारियों से कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। इस दौरान प्रबंधक आशीष कुजूर और मैनेजर पंचम पांडे मौके पर मौजूद थे। बताया गया कि ट्रक को रोकने पर कुछ लोगों ने विरोध किया और अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद बीसीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी मधुबन थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

घटना की सूचना पर मधुबन, सोनारडीह, खरखरी और धर्माबांध थाना की पुलिस कोलियरी पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बीसीसीएल टीम के साथ मिलकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। बीसीसीएल महाप्रबंधक की शिकायत पर 6 नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना के बाद कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

