जिले में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने एवं स्थानीय पर्यटन स्थलों को आकर्षक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में जिला पर्यटन संवर्धन परिषद (जिला प्रशासन) की पहल पर हजारीबाग की सुविख्यात झील में नवनिर्मित फ्लोटिंग डेक का आज 5 नवंबर को भव्य उद्घाटन माननीय सांसद श्री मनीष जायसवाल द्वारा फीता काट कर किया गया। इस अवसर पर माननीय सांसद श्री मनीष जायसवाल, माननीय विधायक सदर श्री प्रदीप प्रसाद, माननीय महापौर श्री अरविंद राणा, माननीय उप महापौर श्री अविनाश कुमार, उपायुक्त श्री हेमन्त सती, पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार, नगर आयुक्त श्री ओम प्रकाश गुप्ता, डीएफओ श्री मौन प्रकाश एवं श्री सूरज कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य पांडेय, प्रशिक्षु आईएएस सुश्री पूर्वा अग्रवाल, जिला योजना पदाधिकारी श्री पंकज कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रोहित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि

एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। झील के प्राकृतिक सौंदर्य के बीच विकसित यह फ्लोटिंग डेक पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण केंद्र बनेगा। पर्यटन के दृष्टिकोण से तैयार इस तैरते डेक पर एक साथ अधिकतम 25 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही पर्यटकों के लिए अल्पाहार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे लोग झील के मनमोहक प्राकृतिक वातावरण के बीच सुकून के पल बिता सकेंगे। फ्लोटिंग डेक को खूबसूरत एवं आकर्षक कलाकृतियों से सजाया गया है, जो इसकी सुंदरता को और भी खास बनाती हैं। झील के पानी पर तैरते इस डेक से पर्यटकों को झील के सौंदर्य का एक अलग और यादगार अनुभव प्राप्त होगा। उद्घाटन के दौरान स्थानीय लोगों एवं आम नागरिकों में फ्लोटिंग डेक को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। लोग इस नई पर्यटन सुविधा का अनुभव लेने के लिए काफी उत्साहित नजर आए। जिला प्रशासन की इस पहल से हजारीबाग के पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। यह पहल जिले को पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक आकर्षक बनाने तथा आम नागरिकों को मनोरंजन एवं अवकाश के लिए एक बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
