नशे की लत और बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से लगातार अभियान चलाए जा रहे. इसी के तहत जामुड़िया थाना के चुरुलिया पुलिस चौकी की ओर से देशेर मोहन इलाके में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नशे के दुष्परिणामों और साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की। कार्यक्रम में चुरुलिया पुलिस चौकी के प्रभारी शुराफुद्दीन मंडल, सुकुमार मुखर्जी सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे। लोगों को संबोधित करते हुए सुकुमार मुखर्जी ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज के लिए अभिशाप है। इसकी लत से शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियां बढ़ती हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा और

बेहतर भविष्य के निर्माण में लगाने की अपील की। इस दौरान साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के प्रति भी लोगों को सचेत किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठग इनाम, आकर्षक प्रस्ताव और कम समय में अधिक लाभ का लालच देकर लोगों की निजी और बैंक संबंधी जानकारियां हासिल करते हैं। इसके बाद इनका दुरुपयोग कर आर्थिक धोखाधड़ी की जाती है। पुलिस ने लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी, एटीएम और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा इंटरनेट पर मिलने वाले लुभावने प्रस्तावों की सत्यता जांचने की सलाह दी। साथ ही लोगों से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और साइबर अपराधों से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की गई।
