बालू लदे तीन ट्रैक्टर जब्त, वाहन जांच अभियान में परिवहन विभाग की कार्रवाई सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय द्वारा जिले में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बाजार समिति के मुख्य द्वार के सामने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों एवं निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर रहे बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को जब्त कर नगर थाना, पाकुड़ में सुरक्षित रखा गया। जब्त वाहनों के विरुद्ध जुर्माना एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि ट्रैक्टरों से गिट्टी, बालू, मिट्टी, डस्ट, ईंट एवं अन्य निर्माण सामग्री की ढुलाई के दौरान अधिक ट्रिप लगाने की होड़ में तेज गति से वाहन चलाने

से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने सभी ट्रैक्टर मालिकों एवं चालकों को वाहनों के आवश्यक कागजात दुरुस्त रखने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, निबंधन, फिटनेस, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण-पत्र साथ रखने का निर्देश दिया है। साथ ही ट्रॉली के आगे-पीछे निर्धारित नंबर प्लेट लगाने, निर्माण सामग्री को तिरपाल से ढककर ढुलाई करने तथा वाहन की निर्धारित क्षमता से अधिक भार नहीं ले जाने की हिदायत दी गई है। इसके अलावा ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों को सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़ा नहीं करने तथा शहर में निर्धारित नो-एंट्री समय का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है। जिला परिवहन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों एवं प्रशासनिक निर्देशों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध जुर्माना वसूलने के साथ-साथ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।