महेशपुर थाना क्षेत्र के महेशपुर राजबाड़ी में ट्रैक्टर की बैटरी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई पांच बैटरियां भी बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को महेशपुर राजबाड़ी निवासी सुजीत कुमार सिंह ने ट्रैक्टर की बैटरी चोरी होने को लेकर महेशपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में महेशपुर थाना कांड संख्या 182/26 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया। टीम ने महेशपुर थाना क्षेत्र के सिलमपुर गांव से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश

रविदास, निवासी मकदमपुर तथा हफीजुल शेख, निवासी सिराजपुर के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की गई पांच बैटरियां बरामद की गईं। राजेश रविदास के विरुद्ध महेशपुर थाना में पूर्व से एक आपराधिक मामला दर्ज है, जबकि हफीजुल शेख के विरुद्ध दो मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में एसडीपीओ विजय कुमार, महेशपुर थाना प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय, पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार, अजय कुमार महतो, सहायक अवर निरीक्षक किशोर कुमार टुडू सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं चौकीदार शामिल थे।