पंचायत स्तर पर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के विशेष अभियान का शुभारंभ, पहले दिन मिले 48 आवेदन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश तथा उपायुक्त मेघा भारद्वाज के मार्गदर्शन में पाकुड़ जिले के सभी प्रखंडों की पंचायतों में पंचायत स्तर पर ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में पाकुड़ प्रखंड की मनिकापारा पंचायत में अभियान के प्रथम चरण का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें पहले दिन कुल 48 इच्छुक आवेदकों ने आवेदन जमा किए। कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, पंचायत की

मुखिया नसीमा बीबी सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। आवेदकों के आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। इसके बाद पात्र आवेदकों की ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस परीक्षा ली जाएगी। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को लर्निंग लाइसेंस जारी किया जाएगा। पंचायत स्तर पर आयोजित यह शिविर एक दिवसीय होगा। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के सभी प्रखंडों की पंचायतों में यह विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि को आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ सुरक्षित वाहन संचालन सुनिश्चित करें।
