महेशपुर प्रखंड के रोलाग्राम पंचायत अंतर्गत महेशगढ़िया फुटबॉल मैदान में चाय चम्पा क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुआ। समारोह का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य सह युवा नेत्री उपासना मरांडी ने फुटबॉल को हवा में उछालकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
मैदान पहुंचने पर आयोजकों ने आदिवासी पारंपरिक नृत्य, ढोल-नगाड़े और मांदर की थाप के बीच शॉल ओढ़ाकर तथा ढोबोक जोहार के साथ उपासना मरांडी का भव्य स्वागत किया।
फाइनल मुकाबला एफसी गेलबार पारिश और एफसी भेलो सिटी यूनाइटेड के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में एफसी गेलबार पारिश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को 60 हजार रुपये नगद एवं उपविजेता टीम एफसी भेलो सिटी यूनाइटेड को 50 हजार रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर उपासना मरांडी ने कहा कि खिलाड़ियों को हमेशा खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलना चाहिए। खेल से शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ टीम भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की धरती रही है। महेंद्र सिंह धोनी जैसे विश्वविख्यात खिलाड़ी ने राज्य का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है। यहां के युवा भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। खिलाड़ियों को इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने सपनों को साकार करना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसे टूर्नामेंट स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच प्रदान करते हैं और युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ाते हैं।
मौके पर जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम, जिला परिषद सदस्य सामसुन मुर्मू, झारखंड पुलिस के पाऊल सोरेन, निठुर मुर्मू, क्लब अध्यक्ष फिलीसन मुर्मू, सचिव बबलू मुर्मू, कोषाध्यक्ष महेंद्र बेसरा, इग्नाशियुस हेंब्रम, शमशेर मुर्मू सहित झामुमो के अन्य कार्यकर्ता एवं हजारों की संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित थे।

