छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर डीसी मेघा भारद्वाज ने किया विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कालीभषान, टीनबंग्ला, साधु पोखर, शीतला मंदिर पोखर एवं रानी दिग्गी तालाब स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए घाटों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के साथ यातायात प्रबंधन, निर्बाध बिजली आपूर्ति और स्वास्थ्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने को कहा।

साधु पोखर में विद्युत तार नीचे होने की स्थिति पर उपायुक्त ने विद्युत विभाग को तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। वहीं, नगर परिषद को घाटों की नियमित साफ-सफाई कराने और आवश्यकता के अनुसार स्ट्रीट लाइट लगाने को कहा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए छठ पर्व से पूर्व सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, एसडीपीओ पाकुड़, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, अंचलाधिकारी पाकुड़ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

