प्रखंड के तेलियापोखर पंचायत स्थित फुटबॉल मैदान में बीटीएमसी क्लब के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला संपन्न हुआ। फाइनल समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी शामिल हुईं। इस दौरान झामुमो जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम, तेलियापोखर पंचायत की मुखिया मरियम मरांडी एवं जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार प्रसाद भी मौजूद रहे। आयोजकों ने अतिथियों का पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज से ढोल-नगाड़े और मांदर की थाप पर नृत्य प्रस्तुत कर तथा पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। फाइनल मुकाबला एफसी चेंजिंग स्टार और एफसी मुर्मू स्टार के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में एफसी चेंजिंग स्टार की टीम ने पेनाल्टी शूटआउट में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक गोल से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया। मुख्य अतिथि उपासना मरांडी ने विजेता टीम को 30 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 25 हजार रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर

उपासना मरांडी ने खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और अनुशासन का माध्यम भी है। खेल से युवाओं का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। साथ ही उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है। सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित करने की अपील की, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं निखरकर झारखंड और देश का नाम रोशन कर सकें। मौके पर प्रखंड उपाध्यक्ष अल्तमस हेंब्रम, पूर्व युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष योगेंद्र मुर्मू, महेशपुर थाना के एसआई श्रीचांद किस्कू एवं किशोर कुमार टुडू, पंचायत समिति सदस्य विजय कुमार साह, निरोज मड़ैया, पंचायत अध्यक्ष साइमन मुर्मू, सचिव बोड़ो हेंब्रम, बाबुधन मरांडी, शिवानी टुडू, शांतिलता हेंब्रम, मुराद अंसारी, छोटू अंसारी सहित बीटीएमसी क्लब के अध्यक्ष सूरज मुर्मू, सचिव सूनीराम मुर्मू, कोषाध्यक्ष गणेश मुर्मू, उपसचिव समीर मुर्मू एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम में झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ हजारों की संख्या में खेलप्रेमी और दर्शक मौजूद रहे।
