शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी ने जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां एवं सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम के साथ महेशपुर प्रखंड के तेलियापोखर स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार प्रसाद एवं शिक्षकों से मुलाकात कर शैक्षणिक व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली। विद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया।

मुलाकात के दौरान प्राचार्य ने विद्यालय में व्याप्त विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए विद्यालय परिसर के अंदर सड़क निर्माण कराने की मांग रखी तथा इस दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। उपासना मरांडी ने विद्यालय प्रबंधन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। मौके पर तेलियापोखर पंचायत की मुखिया मरियम मरांडी, पूर्व युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष योगेंद्र मुर्मू, मोहनलाल टुडू, निरोज मड़ैया सहित विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित थे।
