पाकुड़ में वाहन जांच अभियान, 22 वाहनों से 2.34 लाख रुपये जुर्माना वसूला जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग द्वारा विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 22 भारी व्यावसायिक वाहनों से कुल 2 लाख 34 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी के नेतृत्व में यह अभियान 30 अक्टूबर की रात 11 बजे से 31 अक्टूबर की रात 2 बजे तक चलाया गया। उपायुक्त के निर्देश पर नगर थाना क्षेत्र के प्यादापुर चेक पोस्ट, डीसी आवास चौक, नगर पालिका चेक पोस्ट गोकुलपुर, जयकिश्टोपुर कांटाघर तथा पाकुड़-धुलियान मुख्य सड़क पर खनन सामग्री का परिवहन करने वाले ट्रक एवं हाईवा की जांच की गई। अभियान के दौरान लगभग 40 से 50 भारी व्यावसायिक वाहनों के कागजात और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। इसमें वाहन का रजिस्ट्रेशन, रोड टैक्स, फिटनेस, इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस, नंबर प्लेट और माइनिंग चालान की जांच की गई। इसके

अलावा ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग, हाई बीम लाइट और प्रेशर हॉर्न के इस्तेमाल पर भी विशेष ध्यान दिया गया। जांच के क्रम में एक हाईवा (वाहन संख्या WB65J-5284) में निर्धारित लदान क्षमता से 8 टन अधिक गिट्टी लदा पाया गया। इस मामले में अतिरिक्त कार्रवाई करते हुए 58,500 रुपये का ऑनलाइन चालान जारी किया गया। जिला परिवहन कार्यालय ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर लंबित ऑनलाइन चालान की स्थिति सरकारी पोर्टल www.nexgenechallan.gov.in पर जांच कर बकाया राशि का भुगतान करें। बकाया चालान का भुगतान नहीं करने पर वाहन जांच के दौरान नियमानुसार वाहन जब्त किया जा सकता है। भुगतान होने तक वाहन विमुक्त नहीं किया जाएगा। आवश्यकतानुसार पाकुड़ व्यवहार न्यायालय के माध्यम से कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वाहन जांच अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों और समय पर नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाएगा।
