सिविल सर्जन डॉ. पी.के. संथालिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिरणपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनरल ओपीडी, डेंटल ओपीडी, लेबर रूम सहित अस्पताल के विभिन्न विभागों एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में सिविल सर्जन ने मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, अस्पताल की साफ-सफाई और विभागीय कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित चिकित्सा पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को स्वास्थ्य सेवाओं में और

अधिक सुधार लाने, अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ करने को कहा, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।