डीएवी पब्लिक स्कूल पाकुड़ में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की विशेष प्रार्थना सभा में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। सभी ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने

‘अनेकता में एकता’ विषय पर आकर्षक एकांकी प्रस्तुत की। इसके माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता, विभिन्न भाषाओं, धर्मों और परंपराओं के बावजूद देशवासियों के बीच प्रेम, भाईचारे और एकता की भावना को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। मौके पर प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर आपसी सद्भाव, सहयोग, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना को आत्मसात करने की अपील की।