झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर पाकुड़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने पुलिस केंद्र, पाकुड़ स्थित शहीद अमरजीत बलिहार स्टेडियम में परीक्षा ड्यूटी में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों, जवानों, चौकीदारों एवं गृह रक्षकों को ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ब्रीफिंग के दौरान एसपी ने निर्देश दिया कि सभी प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मी 1 नवंबर को सुबह 6 बजे तक अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर पहुंचना सुनिश्चित करेंगे। परिचारी प्रवर को सभी की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा समय-समय पर औचक जांच करने का निर्देश दिया गया। एसपी ने कहा कि परीक्षा समाप्त होने के बाद भी परीक्षा केंद्रों पर तैनात सुरक्षाकर्मी तब तक मौजूद रहेंगे, जब तक परीक्षा सामग्री कोषागार अथवा बज्रगृह के लिए रवाना नहीं हो जाती। संबंधित थाना एवं ओपी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों और

आसपास के इलाकों में लगातार गश्त करते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखेंगे। कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए गठित उड़नदस्ता दल को परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक त्रुटियों को दूर कराने तथा परीक्षा के दिन केंद्रों के आसपास लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। वहीं, जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा और प्रत्येक घंटे सभी परीक्षा केंद्रों से खैरियत रिपोर्ट प्राप्त करेगा। परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश देने का निर्देश दिया गया। साथ ही पुलिसकर्मियों को अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों के साथ शालीनता से व्यवहार करने तथा किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार से बचने की हिदायत दी गई। एसपी ने यातायात प्रभारी को परीक्षा के दिन सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए क्यूआरटी को सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ तैयार रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा साइबर सेल को सोशल मीडिया की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा परीक्षा से संबंधित अफवाह या भ्रामक पोस्ट सामने आने पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़, परिचारी प्रवर, पुलिस केंद्र सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।