पाकुड़ में दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेले में 145 अभ्यर्थियों का चयन, 183 शॉर्टलिस्ट श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, पाकुड़ की ओर से एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न नियोजन एजेंसियों ने भाग लिया। रोजगार मेले में कुल 900 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 145 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया, जबकि 183 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मेघा भारद्वाज, परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार, पणन सचिव संजय कच्छप, आरजेडी जिला सचिव रंजीत कुमार सिंह एवं जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बदलते

रोजगार परिदृश्य में युवाओं के लिए कौशल विकास और तकनीकी दक्षता बेहद जरूरी है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटर एवं मशीन आधारित तकनीकों के बढ़ते इस्तेमाल से रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। युवाओं को औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप अपनी योग्यता और कौशल में निरंतर सुधार करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से स्थानीय स्तर के साथ-साथ जिले से बाहर उपलब्ध रोजगार के अवसरों का भी लाभ उठाने की अपील की। उपायुक्त ने नियोजन विभाग को निर्देश दिया कि मेले में चयनित अभ्यर्थियों का नियमित फॉलोअप किया जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग देना भी आवश्यक है। परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाए।जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता एवं अभिरुचि के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

