रामपुरहाट और नलहटी की तर्ज पर हो पाकुड़ रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण, पार्किंग व्यवस्था का भी हो विस्तार : सुरेश कुमार अग्रवाल सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश कुमार अग्रवाल ने रेलवे मंत्रालय, पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल के अधिकारियों एवं जिला प्रशासन से पाकुड़ रेलवे स्टेशन के व्यापक सौंदर्यीकरण, आधुनिकीकरण और पार्किंग व्यवस्था के विस्तार की मांग की है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट और नलहटी रेलवे स्टेशनों को जिस तरह आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप दिया गया है, उसी तर्ज पर पाकुड़ रेलवे स्टेशन का भी विकास होना चाहिए। पाकुड़ रेलवे स्टेशन हावड़ा रेल मंडल का एक महत्वपूर्ण एवं राजस्व देने वाला स्टेशन है। साथ ही यह झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्र के लिए आवागमन का प्रमुख केंद्र भी है। इसके बावजूद स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में और पहल की आवश्यकता है। सुरेश कुमार अग्रवाल ने रेल मंत्री एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की कि स्टेशन पर आधुनिक प्रवेश द्वार, आकर्षक भवन, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, यात्रियों के बैठने की सुविधा तथा अन्य आवश्यक यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाए, ताकि पाकुड़ रेलवे स्टेशन की

पहचान एक आधुनिक एवं आकर्षक स्टेशन के रूप में स्थापित हो सके। उन्होंने स्टेशन की मौजूदा पार्किंग व्यवस्था को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार के सामने पर्याप्त जगह होने के बावजूद वर्तमान पार्किंग स्थल छोटा पड़ रहा है। इसके कारण चारपहिया वाहन से आने वाले यात्रियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं वीआईपी अतिथियों को वाहन खड़ा करने में परेशानी होती है। कई बार इससे स्टेशन के मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने सुझाव दिया कि स्टेशन से निकलने वाले मुख्य मार्ग के सामने स्थित छोटे पार्क का स्थल निरीक्षण कराया जाए। यदि तकनीकी एवं प्रशासनिक दृष्टिकोण से उचित हो, तो पार्क को किसी वैकल्पिक उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित कर उस जगह को व्यवस्थित चारपहिया वाहन पार्किंग स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ मुख्य मार्ग पर जाम की समस्या भी कम होगी। सुरेश कुमार अग्रवाल ने रेल मंत्रालय, पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक, हावड़ा मंडल के डीआरएम एवं जिला प्रशासन से संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कराकर स्टेशन के सौंदर्यीकरण और पार्किंग विस्तार की ठोस योजना तैयार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पाकुड़ रेलवे स्टेशन केवल यात्रियों के आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की पहचान और विकास से भी जुड़ा हुआ है। इसलिए इसके आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

