रानीगंज के तारबांग्ला-टिकियापाड़ा इलाके में बुधवार तड़के रुई लदी एक गाड़ी में आग लगने से अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि हावड़ा के सालकिया से रुई लेकर रानीगंज आ रही लॉरी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक ट्रांसफॉर्मर से टकरा गई। टक्कर के बाद हुए शॉर्ट सर्किट से गाड़ी में आग लग गई। ज्वलनशील रुई के कारण देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गाड़ी में लदी

रुई आग की चपेट में आ चुकी थी। इस दुर्घटना के कारण इलाके में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे स्थिति को और बिगड़ने से रोकने में मदद मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लॉरी के ट्रांसफॉर्मर से टकराने के बाद शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। हालांकि, लॉरी चालक ने वाहन से नियंत्रण क्यों खोया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।