महेशपुर प्रखंड के हरिदासपुर फुटबॉल मैदान में सुरुजमुखी क्लब हरिदासपुर के सौजन्य से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला संपन्न हुआ। फाइनल मैच का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद ने फुटबॉल को किक मारकर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। फाइनल मुकाबला एफसी कुयड़ागाड़ हरिदासपुर और सारी संथाल नारायणपुर के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में एफसी कुयड़ागाड़ हरिदासपुर ने सारी संथाल नारायणपुर को एक गोल से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। मुख्य अतिथि अब्दुल वदूद ने विजेता टीम को एक बड़ा खस्सी और उपविजेता टीम को एक छोटा

खस्सी देकर सम्मानित किया। अब्दुल वदूद ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं, खिलाड़ियों और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि झारखंड का विकास तभी मजबूत होगा, जब ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को खेल, शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। गांवों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच प्रदान करने की है। मौके पर प्रखंड संगठन सचिव मो. असद, मुखिया लक्ष्मण मरांडी, हबीबुर रहमान उर्फ पोल्टु, साबिर अली, अंशारूल शेख, क्लब अध्यक्ष विनय हेंब्रम, सचिव सेबेन टुडू, कोषाध्यक्ष अमीन किस्कू, महेश्वर किस्कू, जोहन मरांडी, राजेश हेंब्रम, छोटेलाल हेंब्रम, बाबूलाल मुर्मू, बाबुधन मुर्मू, कालिदास किस्कू, राम मरांडी, ललित हेंब्रम, देवेन हेंब्रम और सिमोन्तो मुर्मू सहित हजारों की संख्या में खेलप्रेमी एवं दर्शक उपस्थित थे।
