डीएवी पाकुड़ के खिलाड़ियों ने जीते छह पदक, सुमन टुडू को गोल्ड |

डीएवी पाकुड़ के खिलाड़ियों ने जीते छह पदक, सुमन टुडू को गोल्ड |

डीएवी पाकुड़ के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम, गोल्ड समेत जीते छह पदक डीएवी पब्लिक स्कूल गोकुलपुर के खिलाड़ियों ने दिल्ली में आयोजित डीएवी राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण पदक सहित कुल छह पदक जीतकर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। 25 एवं 26 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। 100 मीटर दौड़ में सुमन कुमार टुडू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, 4×400 मीटर रिले दौड़ में राज किशोर टुडू, मिलन कुमार टुडू, प्रिंस मरांडी, मनोज सोरेन एवं प्रीतम सोरेन ने बेहतर तालमेल और टीम भावना का परिचय देते हुए कांस्य पदक जीता। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

बुधवार को विजयी खिलाड़ियों के पाकुड़ पहुंचने पर विद्यालय परिसर में बैंड-बाजे के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने खिलाड़ियों को बुके भेंट कर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर उनकी सफलता पर खुशी जताई। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ-साथ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को मजबूत करता है। डीएवी पाकुड़ के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।