पाकुड़ शहरी क्षेत्र में PNG सुविधा शुरू करने की पहल तेज, भूमि आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश शहरी क्षेत्र में पाइप्ड नेचुरल गैस की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसको लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैस पाइपलाइन बिछाने, डी-कंप्रेसर यूनिट की स्थापना के लिए भूमि की उपलब्धता तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में PNG के प्रतिनिधियों ने डी-कंप्रेसर यूनिट की स्थापना के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया। इस पर अंचलाधिकारी, पाकुड़ ने सोनाजोड़ी के समीप उपलब्ध भूमि के संबंध में जानकारी दी।

उपायुक्त ने भूमि आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए राजस्व सचिव को पत्राचार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सक्षम स्तर से आवश्यक आदेश प्राप्त होने के बाद नियमानुसार भूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि शहरी क्षेत्र में PNG पाइपलाइन बिछाने से पहले नगर परिषद, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्य किया जाए, ताकि पाइपलाइन बिछाने के दौरान या भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, पाकुड़ सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं PNG के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

