पाकुड़ पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के मालीपाड़ा स्थित बंद खदान से बरामद अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी सुलझाते हुए महज 24 घंटे के अंदर हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, संपत्ति पर कब्जा करने के लालच में आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, हथौड़ा, खून लगे कपड़े सहित अन्य सामान और मृतक की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि 13 अक्टूबर को नगर थाना क्षेत्र के मालीपाड़ा स्थित बंद खदान से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया था। इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 236/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। कांड उद्भेदन हेतु एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। मृतक की पहचान मंटू दास, पिता छत्तीस दास, निवासी धोबना, थाना दुमका मुफस्सिल, जिला दुमका के रूप में की। वह वर्तमान में पाकुड़ के धनुषपूजा स्थित बस स्टैंड के पीछे रह रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। जांच में सामने आया कि मृतक मंटू दास का साला साबीर सोरेन पाकुड़ के पशुपालन विभाग में कार्यरत है और गिरफ्तार आरोपी आलोक मुर्मू के घर में किराये पर रहता है। पुलिस के मुताबिक, साबीर सोरेन की संपत्ति का कोई अन्य उत्तराधिकारी नहीं होने की जानकारी के आधार पर आरोपियों ने साजिश रची थी। आरोपियों की योजना थी कि मंटू दास की हत्या कर वे साबीर सोरेन का विश्वास जीत लेंगे और

उनकी देखभाल करने के बहाने उनके वेतन का उपयोग करेंगे। इसके बाद उनकी मृत्यु होने पर संपत्ति पर कब्जा कर लेंगे। पुलिस के अनुसार, इसी लालच में तीनों ने मिलकर मंटू दास की कुल्हाड़ी और हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को रस्सी से मृतक की पल्सर मोटरसाइकिल के साथ बांधा और मालीपाड़ा स्थित बंद खदान में फेंक दिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खदान के पानी से मृतक की मोटरसाइकिल बरामद की। इसके अलावा हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, लोहे का हथौड़ा और घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर-220 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों में आलोक मुर्मू, निवासी सिमलोती, थाना शिकारीपाड़ा, जिला दुमका, वर्तमान पता धनुषपूजा, पाकुड़; प्रीतम हेम्ब्रम और प्रिन्स हेम्ब्रम, दोनों निवासी धनुषपूजा, पाकुड़ शामिल हैं। पुलिस ने कुल्हाड़ी, लोहे का हथौड़ा, पटुआ की रस्सी, खाट, खून लगे झोले और कपड़े सहित अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। टीम में एसडीपीओ कुमार गौरव, नगर थाना प्रभारी जॉन मुर्मू, सन्नी सुप्रभात, अभिषेक कुमार, अनंत साह, मिथुन रजक, सुबल कुमार दे, तकनीकी शाखा के अरविंद कुमार राय, आरक्षी सूरज मुर्मू तथा नगर थाना के सशस्त्र बल की भूमिका रही।
