पाकुड़। बिरसा मुंडा शिक्षण संस्थान परिसर स्थित एंडेवर एकेडमी में गुरुवार को रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB-NTPC) परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए विशेष मॉक टेस्ट आयोजित किया गया। संस्थान के निदेशक विकास तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित परीक्षा में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बीजीआर माइनिंग एंड इंफ्रा लिमिटेड और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित संस्थान में परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। इसका उद्देश्य अभ्यर्थियों को वास्तविक परीक्षा पैटर्न से परिचित कराना और उनकी तैयारी

का आकलन करना था। अभ्यर्थियों ने कहा कि पाकुड़ में ही मॉक टेस्ट की सुविधा मिलने से उन्हें तैयारी के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। निदेशक विकास तिवारी ने बताया कि परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों को उत्तर कुंजी उपलब्ध कराई गई, ताकि वे अपने प्रदर्शन का मूल्यांकन कर सकें। संस्थान का लक्ष्य स्थानीय युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाकर सरकारी नौकरी पाने में मदद करना है। मौके पर शिक्षक प्रिंस प्रकाश सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।