चांदपुर चेकपोस्ट पर ऑटो-टोटो चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक |

चांदपुर चेकपोस्ट पर ऑटो-टोटो चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक |

जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी के निर्देश पर चांदपुर स्थित ऑटो-टोटो स्टैंड सह चेकपोस्ट पर सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ऑटो-टोटो एवं टेंपो चालकों को सुरक्षित वाहन परिचालन, यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के संबंध में जानकारी दी गई।

अभियान में चालकों को वाहन का वैध पंजीकरण, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा वाहन के आगे और पीछे स्पष्ट नंबर प्लेट लगाने की हिदायत दी गई। साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और किसी भी परिस्थिति में नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति नहीं देने के प्रति जागरूक किया गया।

परिवहन विभाग ने निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने पर जोर देते हुए ऑटो-टोटो चालकों को नीली वर्दी और टेंपो चालकों को खाकी वर्दी पहनकर वाहन चलाने की जानकारी दी। चालकों को निर्देश दिया गया कि यात्रियों को सड़क की बाईं ओर सुरक्षित स्थान पर ही उतारें और चढ़ाएं। निर्धारित पड़ाव पर ही वाहन रोकें तथा सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें।

इस दौरान चालकों को हिट एंड रन मामलों में मुआवजा, प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना राहत योजना, नेक नागरिक योजना तथा दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता एवं प्राथमिक उपचार से संबंधित जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करना मानवीय दायित्व है।

जागरूकता अभियान के तहत परिवहन विभाग की ओर से चालकों के बीच पंपलेट वितरित किए गए। विभाग ने सभी चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित वर्दी पहनने तथा यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देने की अपील की। विभाग ने कहा कि जिम्मेदार वाहन परिचालन और सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन से दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।