पाकुड़िया प्रखंड के खजूरडांगाल पंचायत अंतर्गत विशनपुर गांव के बाद टोला में बिजली संकट दूर करने की दिशा में पहल सफल हुई है। झामुमो की केंद्रीय समिति सदस्य सह युवा नेत्री उपासना मरांडी के प्रयास से टोला में 25 केवीए का नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया गया है। इससे लंबे समय से बिजली की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार, बाद टोला में पुराना ट्रांसफॉर्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित थी। इससे ग्रामीणों को दैनिक कार्यों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। समस्या से निजात दिलाने के लिए ग्रामीणों ने उपासना मरांडी से मदद की गुहार लगाई थी। ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से

लेते हुए उपासना मरांडी ने बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की पहल की। उनके प्रयासों के बाद टोला में 25 केवीए का नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया गया। नया ट्रांसफॉर्मर लगने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए उपासना मरांडी के प्रति आभार जताया और उम्मीद व्यक्त की कि अब क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बेहतर होगी। इस अवसर पर उपासना मरांडी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्रामीणों को बिजली, सड़क, पानी सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे लगातार प्रयास करती रहेंगी।

