भारतीय शेयर बाजार से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां शुरुआती सुस्ती के बाद बाजार ने शानदार वापसी की है। आईटी सेक्टर के दिग्गज शेयरों में जोरदार खरीदारी से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स करीब 300 अंकों की बढ़त के साथ 72 हजार 225 के स्तर पर पहुंचा, जबकि निफ्टी करीब 90 अंक चढ़कर 22 हजार 453 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह आईटी शेयरों में जबरदस्त लिवाली रही। एचसीएल टेक और टीसीएस के शेयर 4 प्रतिशत से ज्यादा उछले, जबकि

टेक महिंद्रा और इंफोसिस में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई। हालांकि, बाजार की तस्वीर पूरी तरह एकतरफा नहीं रही। एनटीपीसी, मैक्स हेल्थकेयर और पावर ग्रिड जैसे शेयरों में गिरावट देखने को मिली। यानी जहां आईटी शेयरों ने बाजार को सहारा दिया, वहीं कुछ प्रमुख शेयरों पर बिकवाली का दबाव बना रहा। उधर, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में भी मजबूती दर्ज की गई। रुपये की चाल और आईटी शेयरों में खरीदारी पर अब निवेशकों की नजर बनी हुई है।
