उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में समाहरणालय में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीबी, कालाजार, मलेरिया एवं फाइलेरिया उन्मूलन, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण और टीकाकरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी टीबी एवं कालाजार मरीजों को शत-प्रतिशत पोषण सहायता उपलब्ध कराने, संभावित टीबी मरीजों की पहचान और जांच में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक निक्षय मित्र बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने मातृ-शिशु मृत्यु की अनिवार्य समीक्षा, कुपोषित बच्चों को एमटीसी में भर्ती

कराने और गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। स्वास्थ्य उपकेंद्रों में प्रसव सुविधा शुरू करने, सोलर एवं कोल्ड चेन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा यू-विन पोर्टल पर टीकाकरण का शत-प्रतिशत रिकॉर्ड अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच शिविर, धूम्रपान मुक्त विद्यालय और कोटपा एक्ट के तहत जांच अभियान तेज करने को कहा गया। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, डीपीएम, जिला मलेरिया पदाधिकारी, सभी एमओआईसी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
