SIR विवाद को लेकर दिल्ली में विपक्ष का प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को कांग्रेस समेत INDIA ब्लॉक के कई दलों के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने और जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, पुलिस ने जंतर-मंतर से करीब 900 मीटर पहले ही विपक्षी नेताओं को रोक दिया। इसके बाद सांसद सड़क पर ही बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी सड़क पर लेट गईं और उन्होंने कहा कि वह यहां से नहीं हटेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे सांसदों के साथ पुलिस ने बुरा बर्ताव किया।

कुछ देर बाद पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक कुल 91 INDIA ब्लॉक नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। राहुल गांधी ने कहा कि जब तक CEC ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, विपक्ष का प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज FIR को लेकर भी कहा कि उनके लिए हर FIR एक मेडल है। वहीं, प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के सांसद शामिल नहीं हुए।
