बेंगलुरु में अमेजन ऑफिस के बाहर बुधवार सुबह ट्रांसफॉर्मर बॉक्स में अचानक जोरदार धमाका हो गया। घटना बागलुर क्रॉस के पास स्थित ऑफिस कैंपस के गेट नंबर-3 के बाहर हुई। धमाके की चपेट में आने से फुटपाथ पर चल रहा एक राहगीर घायल हो गया। घायल की पहचान मोहम्मद अफरोज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, अफरोज को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती

कराया गया है और उसकी हालत सुरक्षित बताई जा रही है। धमाके के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना का वीडियो एक कार के डैशकैम में भी रिकॉर्ड हुआ है। प्रत्यक्षदर्शी अरुण जी के मुताबिक, अचानक हुए धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से बिजली से जुड़ी खराबी की जांच की जा रही है और धमाके के कारणों का पता लगाया जा रहा है।