दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार को एक चार मंजिला इमारत अचानक गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अब तक 7 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया है।

जानकारी के मुताबिक, करीब 25 गज जमीन पर नीचे दुकानें और उनके ऊपर चार मंजिला मकान बना हुआ था। दोपहर करीब 3 बजकर 15 मिनट पर फायर कंट्रोल रूम को इमारत गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का काम शुरू किया। फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है और मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।