भवानीपुर ने जीता गेन्दरेच् बॉल प्रतियोगिता का खिताब |

भवानीपुर ने जीता गेन्दरेच् बॉल प्रतियोगिता का खिताब |

महेशपुर के जयनगरा पंचायत के नारायणपुर फुटबॉल मैदान में तीर-धनुष क्लब नारायणपुर के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय गेन्दरेच् बॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला संपन्न हुआ। फाइनल में भवानीपुर और चोपोक टोला की टीम आमने-सामने हुईं, जिसमें भवानीपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक गोल से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी और पिंकु शेख का आयोजकों ने आदिवासी रीति-रिवाज, ढोल-नगाड़े और मांदर की थाप के साथ स्वागत किया। विजेता भवानीपुर टीम को उपासना मरांडी ने 25 हजार रुपये तथा उपविजेता चोपोक टोला टीम को पिंकु शेख ने 20 हजार रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर उपासना मरांडी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल मनोरंजन के साथ व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ लगातार मेहनत करने और भविष्य में झारखंड व देश का नाम रोशन करने की अपील की।

मौके पर रद्दीपुर ओपी प्रभारी सुरेश प्रसाद, बाबुधन मुर्मू उर्फ डॉन, लक्ष्मण मरांडी, राजेंद्र हांसदा, ललित हेंब्रम, साहेबराम मुर्मू, नसीर शेख, स्टीफन हांसदा, जनता हांसदा, देवेन हेंब्रम, फिलीमान हेंब्रम, क्लब अध्यक्ष राजेश मुर्मू, सचिव फिलिप हांसदा सहित अन्य कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे।