रानीगंज। रानीगंज थाना क्षेत्र के निमचा फांड़ी अंतर्गत जेके नगर कोलियरी में मंगलवार रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला बालको कंपनी के आवास में अकेली रहती थीं। घर के भीतर सामान बिखरा मिलने के बाद पुलिस हत्या समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। हालांकि, अब तक हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस कमीशन डॉ. प्रणव कुमार, डीसीपी सेंट्रल ध्रुव दास, एसीपी सेंट्रल-2 विमान कुमार मृधा

समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। निमचा फांड़ी की आईसी नासरीन सुल्ताना और रानीगंज थाना प्रभारी पार्थ घोष भी मौजूद रहे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने जुटाए और संभावित साक्ष्यों की जांच की। पुलिस घर में सामान बिखरे होने के कारणों के साथ चोरी, विवाद और अन्य संभावनाओं की पड़ताल कर रही है। महिला लंबे समय से पति से अलग रह रही थीं, जबकि उनके बेटे-बेटियां बाहर रहते हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
