उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार में मौसा का 75वां जन्मदिन मनाकर लौट रहे एक ही परिवार की स्कॉर्पियो को सामने से आ रहे मिट्टी से लदे डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा पुरकाजी थाना क्षेत्र के लक्सर मार्ग पर हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में आदेश, निशा, श्रद्धा और राखी की मौत हो गई।

वहीं रूबी, कुसुम और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि परिवार हरिद्वार में आयोजित जन्मदिन समारोह से वापस लौट रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने डंपर और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।